कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में आज मतदान हो रहा है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है और शाम 4 बजे वोट डाले जाएंगे। कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष का नतीजा 19 अक्टूबर को आएगा।
कांग्रेस पार्टी के भाग्य का फैसला 9,000 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा, जो पार्टी प्रमुख के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में शामिल हैं।
इस बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भी वोट डाल दिया है। सोनिया गांधी ने कहा कि इस दिन का लंबे समय से इंतेजार था। कांग्रेस के 137 सालों के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद का चुनाव हो रहा है। 22 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष बनेगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पी चिदंबरम और जयराम रमेश सहित कई नेताओं ने वोट डाला। पार्टी मुख्यालय में चिदंबरम ने सबसे पहले मतदान किया। उनके बाद पार्टी महासचिव रमेश, अजय माकन और कई अन्य लोगों ने मतदान किया।
शशि थरूर ने कहा कि उन्हें चुनाव जीतने का भरोसा है, लेकिन उन्होंने अपने खिलाफ खड़ी बाधाओं को स्वीकार किया। थरूर ने आज केरल के तिरुवनंतपुरम में मीडियाकर्मियों से कहा कि मुझे विश्वास है। कांग्रेस पार्टी का भाग्य पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथों में है। पार्टी के नेता और प्रतिष्ठान दूसरे उम्मीदवार के साथ होने के कारण हमारे खिलाफ मुश्किलें खड़ी कर चुके हैं। थरूर ने यह भी कहा कि उन्होंने खड़गे से बात की और कहा कि जो कुछ भी होगा, हम सहयोगी और दोस्त बने रहेंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा कि यह हमारे आंतरिक चुनाव का हिस्सा है। हमने एक दूसरे से जो कुछ भी कहा वह एक दोस्ताना नोट पर है. हमें मिलकर पार्टी बनानी है। शशि थरूर ने मुझे फोन किया और मुझे शुभकामनाएं दीं और मैंने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
थरूर के मुकाबले खड़गे का पलड़ा भारी
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दोनों उम्मीदवारों में खड़गे का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। उन्हें गांधी परिवार की पसंद कहा जा रहा है। साथ ही पार्टी वरिष्ठ नेताओं का भी उन्हें समर्थन हासिल है। वहीं दूसरी ओर थरूर खुद को पार्टी में बदलाव का उम्मीदवार बताकर समर्थन जुटाते रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान थरूर ने दोनों उम्मीदवारों को लेकर भेदभाव का भी आरोप लगाया था। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता थरूर की बजाय खड़गे का समर्थन कर रहे हैं।