अभिनेता और फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान उर्फ केआरके से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामने आई खबरों की मानें तो सीने में दर्द की शिकायत के बाद केआरके को मुंबई के शताब्दी अस्पताल में भर्ती किया गया है। केआरके को आज सुबह ही पुलिस ने विवादित ट्वीट मामले में एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।
दुबई से आने के बाद केआरके को आज सुबह मुंबई एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें बोरीवली में मजिस्ट्रेट की एक अदालत में पेश किया। इस दौरान जांच के लिए पुलिस ने उन्हें चार दिनों की हिरासत में दिए जाने का अनुरोध किया था। लेकिन अदालत ने इस अनुरोध को खारिज करते हुए केआरके को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में अगली सुनवाई 2 सितंबर को होगी।
यह कार्रवाई 2020 के एक विवादित ट्वीट पर की गई। कमाल पर 2020 में युवा सेना की कोर कमेटी ने मलाड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई थी। कमेटी के मेंबर राहुल कनल का आरोप था कि कमाल ने दिवंगत एक्टर इरफान खान और ऋषि कपूर को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। इस मामले में पुलिस ने कमाल के खिलाफ सेक्शन 294 के तहत मामला दर्ज किया था।
केआरके ने 2020 में इरफान खान (29 अप्रैल) और ऋषि कपूर (30 अप्रैल) के निधन के बाद ट्वीट किए थे। उन्होंने लिखा, ‘मैंने कुछ दिन पहले ही कहा था कोरोना तब तक नहीं जाएगा जब तक कुछ फेमस लोगों को अपने साथ नहीं ले जाता। तब मैंने नाम नहीं लिखे थे, क्योंकि लोग मुझे गालियां देते, लेकिन मैं पहले से जानता था कि ऋषि और इरफान जाएंगे। मुझे ये भी पता है कि अगला नंबर किसका आने वाला है।’
जब ऋषि कपूर को रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था तो केआरके ने ट्वीट किया था- ‘ऋषि कपूर को एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती किया गया है। मैं उनसे सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि सर ठीक होकर जल्दी वापस आना, निकल मत लेना, क्योंकि दारू की दुकान सिर्फ 2-3 दिन में खुलने ही वाली है।’