द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम नेवी ऑफिसर
जॉन थॉमस गोसलीन परेरा का मुंबई में निधन
मुंबई-भारतीय नौसेना में पूर्व चीफ ऑफ मेटेरियल्स वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) जॉन थॉमस गोसलीन परेरा का मुंबई में निधन हो गया। 97 वर्षीय परेरा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परेरा ने दक्षिण मुंबई में नौसेना के अस्पताल में अंतिम सांस ली है।
सन 1958 में युद्धपोत आईएनएस दिल्ली में उनके साथ काम करने वाले वाइस एडमिरल आई. सी. राव (सेवानिवृत्त) के अनुसार परेरा नौसेना के उन अंतिम जीवित अधिकारियों में से एक थे, जो द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सेवा में रहे थे। 1979 में रिटायर्ड होने के बाद परेरा रायगढ़ जिले से सटे तटीय शहर उरण में बस गए थे। वे अपने पीछे बेटा माइकल परेरा (71) और बेटी जेनिफर (67) से भरापूरा छोड़ गए हैं।
‘नौसेना के साथियों के बीच ‘जेटीजी’ के नाम से फेमस परेरा 1971 के युद्ध में पश्चिमी नौसेना कमान के चीफ स्टाफ ऑफिसर (तकनीक) थे। युद्ध के दौरान उल्लेखनीय सेवा के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। जेटीजी के नेतृत्व में ही बेड़े और मिसाइल नौकाओं की बड़ी मेहनत के साथ तैयारी की गई थी, जिसने 1971 की लड़ाई में हमें जीत दिलाई। फरवरी 1923 को केरल के कन्नूर में जन्मे परेरा एक मई 1944 को रॉयल नेवी में शामिल हुए थे।