नई दिल्ली, 04 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम में हिमस्खलन हादसे में हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि सिक्किम में भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग (जेएन रोड) पर मंगलवार को दोपहर में हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई है। हिमस्खलन में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है, क्योंकि और लोगों के हताहत होने की आशंका है।
राष्ट्रपति ने कहा कि वे सिक्किम में हिमस्खलन के बारे में जानकर बहुत व्यथित हैं, जिसने कई लोगों की जान ले ली। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी हार्दिक संवेदना है। वे बचाव और राहत कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सिक्किम में आज हुए हिमस्खलन में कीमती जानों के नुकसान पर गहरा दुख हुआ। वे बचाव कार्यों की सफलता और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सिक्किम में हिमस्खलन से वे व्यथित हैं। अपनों को खोने वालों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्हें उम्मीद है कि घायल जल्द ही ठीक हो जाएंगे। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।