कठुआ 06 मार्च । भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान की देशव्यापी शुरुआत की है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी कठुआ इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संपत्ति कर, बढ़ती महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में कठुआ में रोष मार्च निकाला और हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान का आगाज किया।
सोमवार को कांग्रेस पार्टी कठुआ के जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा की अध्यक्षता में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान की शुरुआत की गई और बढ़ती महंगाई, संपत्ति कर और बेरोजगारी को लेकर सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला और रोष मार्च के बाद एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विकार रसूल वानी, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रभारी हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा भरत सिंह सोलंकी इस अभियान में मुख्य रूप से शामिल हुए।
इस अभियान की शुरुआत कठुआ के रामलीला मैदान से एक विशाल रोष रैली के रूप में की गई। रैली मुखर्जी चौक, कोर्ट रोड से होते हुए नगरी बस अड्डा पर संपन्न हुई। इसके बाद नगरी बस अड्डा पर एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया गया। इस रोष रैली के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संपत्ति कर लगाने, पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार देने और बढ़ती महंगाई को रोकने पर विफल रही भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार की आलोचना की।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विकार रसूल वानी, रमन भल्ला और सोलंकी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के फॉलोअप के लिए दूसरा चरण हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा एवं केंद्र सरकार की जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों और निर्वाचन क्षेत्रों में शुरूआत की गई है और यह यात्रा 1 महीने तक चलेगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संपत्ति कर आदेश को रोकना, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, राज्य का दर्जा वापस करवाना, अतिक्रमण विरोधी अभियान के साथ-साथ अन्य मनमाने आदेशों के विरुद्ध आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में प्रशासन ने 1 अप्रैल से नगर निकाय क्षेत्रों में संपत्ति कर लगाने का जो आदेश जारी किया है। इस फैसले को लेकर जम्मू कश्मीर में कड़ा विरोध किया जा रहा है और कांग्रेस पार्टी भी इस आदेश का कड़ा विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि जन विरोधी संपत्ति कर को जम्मू कश्मीर में नहीं लगने देंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा संपत्ति कर को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वह लोगों को मात्र 200-300 और 500 तक संपत्ति कर लगने की बात कर रहे हैं लेकिन जब संपत्ति कर लागू हो जाएगा, उसके कुछ सालों बाद 100, 200 वाला कर हजारों में हो जाएगा। इसलिए संपत्ति कर को जम्मू कश्मीर में लागू ही नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल से किसी भी प्रकार की कोई रिक्यूटमेंट जम्मू कश्मीर में नहीं हुई है। जिसकी वजह से बेरोजगारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पढ़े-लिखे युवा आज बेरोजगार बैठे हैं। इसी प्रकार दिन प्रतिदिन रसोई गैस से लेकर अन्य वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिसपर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के पूर्ण राज्य का दर्जा तुरंत बहाल करें और उसके बाद विधानसभा चुनाव करवाए जाएं। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान विशु अंडोत्रा, रविंद्र पाल सिंह नीटू, सुभाष शर्मा, निर्दोष शर्मा, परमजीत सिंह पम्मा, पवन शर्मा, योगराज, पंकज शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।