पुणे। ट्रैफिक पुलिस द्वारा दुपहिया वाहन चालक से दस्तावेज मांगने पर उसने पुलिस कर्मचारी को धक्का दिया और उसे घसीटते हुए ले गया। यह घटना पिंपरी-चिंचवड़ के वाकाड हिंजेवाड़ी में हुई और सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोपी बाइक चालक संजय एकनाथ शेगे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में ट्रैफिक पुलिसकर्मी शंकर तुकाराम इंगले घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी इंगले अन्य कर्मचारियों के साथ वाकाड हिंजेवाड़ी रोड पर ड्यूटी पर थे। तभी आरोपी संजय शेगड़े अपने दोपहिया वाहन से जा रहा था। पुलिस ने उसे बाइक एक तरफ ले जाने के लिए कहा और चालक से ड्राईविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज मांगे। इसको लेकर संजय की ट्रैफिक पुलिस से नोकझोंक हो गई।
आरोपी यहीं नहीं रुके, बल्कि ट्रैफिक पुलिस को धक्का देकर टक्कर मार दी। वाहन को रोकने की जद्दोजहद में इंगले का हाथ बाइक के पीछे लगे फाइबर कैरियर में फंस गया। उन्होंने आरोपी को बाईक रोकने को कहा लेकिन वह और भी तेजी से पचास फीट से अधिक दूरी तक घसीटता ले गया। इसके बाद सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में आरोपी शेगे को गिरफ्तार कर वाकाड थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना में इंगले घायल हो गए और पुलिस उपनिरीक्षक जितेंद्र गिरनार द्वारा आगे की जांच की जा रही है।