इंफाल, 21 जुलाई । मणिपुर में वायरल वीडियो मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर पूरे देश में प्रतिक्रिया का दौर जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस मामले में हुई गिरफ्तारियों की जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर मणिपुर की दो महिलाओं को सरेआम नग्न कर जुलूस निकाले जाने का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गयी है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि ‘हम पूरी तरह से स्तब्ध हैं। मैंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। अगर संभव हुआ तो मैं मौत की सजा की मांग करूंगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से सड़कों को अवरुद्ध नहीं करने और सुरक्षा बलों को सहयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि चार मई को यह शर्मनाक घटना हुई थी। बाद में उनके साथ बलात्कार किया गया। वीडियो सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट से लेकर महिला आयोग तक ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
इस जघन्य कृत्य के मुख्य आरोपित हुरेम हेरोडस मैतेई को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
अब तक ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
- हुइरेम हेरादास
- अरुण सिंह
- जीवन इलांगबाम
- तोम्बा सिंह
वीडियो से पहचान कर हो रहीं गिरफ्तारियां
मणिपुर पुलिस के मुताबिक, अरुण सिंह, जीवन इलांगबाम और तोम्बा सिंह मणिपुर के थॉउबल जिले के रहने वाले हैं। इन्हें वायरल वीडियो की मदद से पहचान करके गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों से पूछताछ के बाद और भी गिरफ्तारियां होंगी। मणिपुर पुलिस और केंद्रीय बलों की 12 संयुक्त टीमें 12 और संदिग्धों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस के मुताबिक, हुइरेम ही मामले का मुख्य आरोपी है। वह भीड़ को उकसाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहे बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी कोशिश की जा रही है।
भीड़ ने मुख्य आरोपी के घर पर लगाई आग
महिलाओं के साथ दरिंदगी का वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में इस घटना को लेकर गुस्सा है। मणिपुर में भी जगह जगह पर प्रदर्शन किए गए। इतना ही नहीं गुस्साई भीड़ ने मुख्य आरोपी हुइरेम हेरादास के घर पर आग लगा दी।