मुंबई, 16 फरवरी (हि. स.)। मुंबई के अंधेरी में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ पर सेल्फी न देने पर उनके फैंस ने हमला कर दिया। इस मामले में ओशिवरा पुलिस स्टेशन में 8 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन ओशिवरा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस के अनुसार क्रिकेटर पृथ्वी शॉ बुधवार को अंधेरी में स्थित सहारा स्टार होटल के पास अपनी कार में बैठे थे। उसी समय अचानक उनके फैंस मौके पर पहुंचे और पृथ्वी शॉ से सेल्फी देने की मांग करने लगे। बताया जा रहा है कि पृथ्वी शॉ ने सेल्फी देने से मना कर दिया, जिससे उनके फैंस भड़क गए और उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया और पृथ्वी शॉ से 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद किसी तरह उनका दोस्त कार सीधे ओशिवरा पुलिस स्टेशन तक ले गया। वहां से पुलिस ने दूसरी कार से पृथ्वी शॉ को उनके घर तक छोड़ा।
इसके बाद ओशिवरा पुलिस स्टेशन की टीम ने शोभित ठाकुर और सना उर्फ सपना गिल सहित 8 लोगों पर मामला दर्ज किया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में ओशिवारा पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।