नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के द्वारका कोर्ट ने निक्की यादव की हत्या के आरोपित साहिल गहलोत को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आज साहिल गहलोत की पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया था।
20 फरवरी को कोर्ट ने साहिल गहलोत को आज तक की पुलिस हिरासत में भेजा था। 20 फरवरी को कोर्ट ने इस मामले में गिरफ्तार बाकी पांच आरोपितों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। 17 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, भाई आशीष और नवीन, दोस्त लोकेश और अमर को गिरफ्तार किया था। नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।
बताया जा रहा है कि साहिल और निक्की ने अक्टूबर 2020 में नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। साहिल का परिवार इस शादी से नाखुश था, इसलिए वो निक्की को रास्ते से हटाना चाहते थे।
साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 मे उसका रिश्ता तय कर दिया और लड़की वालों से बात छिपाई कि साहिल पहले से शादीशुदा है। पुलिस ने साहिल और निक्की के शादी के सर्टिफिकेट भी बरामद किए हैं। निक्की के शव को फ्रिज में छुपाने में उसके दोस्त और चचेरे भाई ने साथ दिया था।
15 फरवरी को कोर्ट ने साहिल को गिरफ्तार किया था। दरअसल, निक्की साहिल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसका बॉयफ्रेंड साहिल किसी दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी कर रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच में कहासुनी हुई थी। आरोपित ने सुबह तो अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या की और फिर उसी शाम घरवालों के कहने पर दूसरी लड़की से शादी भी कर ली थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपित साहिल ने बताया कि उसने निक्की की हत्या 10 फरवरी को दिल्ली के आईएसबीटी के पास कार में गला दबाकर कर दी थी। हत्या करने के बाद वो लाश को लेकर गाड़ी में घूमता रहा, फिर उसने एक ढाबे के फ्रिज में उसे छिपा दिया।