दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2018 में क्वींसलैंड में एक ऑस्ट्रेलियाई महिला की हत्या के आरोपी राजविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। बता दें कि मेल नर्स राजविंदर सिंह पर ऑस्ट्रेलिया ने 1 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का इनाम रखा था। ये ऑस्ट्रेलियाई पुलिस की ओर घोषित किया गया अब तक का सबसे बड़ा इनाम है। सीबीआई, इंटरपोल और स्पेशल सेल के साथ चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन में खुफिया इनपुट्स की मदद से आरोपी को पकड़ा गया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार करने के बाद आरोपी राजविंदर सिंह को शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट ने हत्या के आरोपी राजविंदर सिंह को 30 नवंबर 2022 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने क्वीन्सलैंड में 2018 में एक समुद्र तट पर 24 साल की ऑस्ट्रेलियाई महिला की हत्या कर भारत भाग जाने वाले इस भारतीय चिकित्सा सहायक यानी मेल नर्स को पकड़ने में मदद के लिए सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया था।
क्वीन्सलैंड पुलिस की प्रेस रिलीज के अनुसार, 24 साल की टोया कॉर्डिंगली (Toyah Cordingly ) अक्टूबर 2018 में केयर्न्स से 40 किलोमीटर दूर वांगेटी बीच पर अपने कुत्ते को घुमा रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उसकी हत्या कर दी थी। टोया के 21 अक्टूबर, 2018 को कॉर्डिंगली के लापता होने की पुलिस को सूचना दी गई थी। उसका शव अगली सुबह केयर्न्स के उत्तर में वांगेटी बीच पर पड़ा मिला था।
इस हत्याकांड में इनिसफेल में कार्यरत चिकित्सा सहायक 38 वर्षीय राजविंदर सिंह शुरू से ही संदिग्ध था। इस हत्याकांड के 2 दिन बाद वो पत्नी और तीन बच्चों को छोड़कर भारत भाग आया था। तब से क्वीन्सलैंड पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने मार्च 2021 में भारत सरकार से आरोपी के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। नवंबर 2022 में भारत सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी थी। आरोपी राजविंदर मूल रूप से पंजाब के बुट्टर कलां का रहने वाला बताया जाता है।