कुंवारा बताने वाला निकला बच्चे का बाप
मुंबई, ओशिवारा पुलिस ने एक अभिनेता को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अपने आपको कुंवारा बताकर फिल्मों में स्ट्रगलर लड़की से पहले दोस्ती की, बाद में शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध स्थापित किया। इस बीच लड़की को मालूम पड़ गया कि उसका प्रेमी 4 साल के एक बच्चे का बाप है। उसने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में अभिनेता अर्जुन कुमार मुतनेजा के खिलाफ रेप का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से परभणी की रहने वाली युवती दो साल पहले फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के लिए मुंबई आई थी। फिल्म में काम पाने की कोशिश के दौरान ही वह अर्जुन कुमार से मिली। अर्जुन कुमार छोटे मोटे रोल करके अपना गुजारा करता था। चूंकि दोनों ही फ़िल्म लाइन में काम पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो दोनों दोस्त बन गए और दोनों के बीच में प्यार भी हो गया। इस बीच लॉकडाउन के कारण लड़की के सामने आर्थिक समस्या पैदा होने लगी और घर का किराया देना भी मुश्किल हो गया। यह देख अर्जुन कुमार ने लड़की को अपने घर पर रहने के लिए आमंत्रित किया। आरोप है कि उसने पीड़ित से शादी करने का वादा किया और उसके साथ यौन संबंध बनाए, जबकि वह शादीशुदा था। लड़की को अर्जुन पर शक होने लगा तो उसने किसी तरह से अर्जुन की पत्नी का नंबर हासिल किया और उससे बात की। बातचीत में पीड़िता को पता चला कि अर्जुन न केवल शादीशुदा है बल्कि एक 4 साल के बच्चे का बाप भी है। यह सुन पीड़िता के पैरों तले से जमीन खिसक गई। इसके बाद पीड़िता ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जहां मामला दर्ज करने के बाद अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया गया।