पुणे। साकीनाका में हुई रेप की घटना से पूरे राज्य में महिला सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर से सामने आ गया है. साकीनाका के बाद अब पुणे में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आई हैं. 24 घंटे में पुणे में रेप की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इसमें 9, 13 और 21 साल की लड़कियों के साथ रेप किया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि इन लड़कियों के करीबी और परिचितों ने ही इनके साथ यह अपराध किया है। पुणे के सिंहगढ़, हडपसर और कोंढवा थाने की सीमा में रेप की घटनाएं घटी हैं.
पुलिस के अनुसार सिंहगढ़ रोड थाना क्षेत्र में 21 साल की युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसे बुरी तरह से पीटा गया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी राहुल जनार्दन खंडारे को गिरफ्तार कर लिया है. हडपसर थाना क्षेत्र में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी कुणाल पटेल के खिलाफ पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई है. इसी तरह से कोंढवा थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना घटी है जो रिश्ते को कलंकित करती है। पिता ने अपनी 13 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने नराधम पिता को गिरफ्तार कर लिया है।