बिहार के सीतामढ़ी स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने रविवार को 2 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। भारत में अवैध रुप से घुसे दो चीनी नागरिक 15 दिनो तक नोएडा में रहे, मगर इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को कोई भनक नही लगी। शनिवार को नेपाल बॉर्डर के रास्ते वापस जाते समय एसएसबी (SSB) टीम ने दोनो को पकड़ा है।
जिसके बाद दोनो को पूछताछ के लिए बिहार पुलिस को सौंप दिया गया है। इस मामले में नोएडा पुलिस ने जांच शुरु कर दी है और पता लगाया जा रहा है कि वह नोएडा में कहां पर और किन उद्देश्यों से रहे थे और किन लोगों के संपर्क में थे।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया, दोनों चीनी नागरिक भारतीय सीमा में करीब 300 मीटर अंदर दिखाई दिए थे। उनसे पूछताछ की गई। दोनों के पास भारतीय वीजा नहीं मिला, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया पकड़े गए चीनी नागरिकों की पहचान 30 वर्षीय लू लैंग और 32 साल के यू हेलेंग के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
साईकिल से पहुंचे नेपाल बॉर्डर
पूछताछ के दौरान चीनी नागरिकों ने बताया, वे चीन से थाईलैंड पहुंचे थे। इसके बाद नेपाल के काठमांडू पहुंचे। यहां से साईकिल पर सवार होकर वे नेपाल बॉर्डर पर आ गए और 24 मई को दोनों अवैध तरीके से भारतीय सीमा में घुस आए। इसके बाद दोनों ने एक कार रेंट पर ली और वहां से नोएडा में रहने वाले कैरी नाम के दोस्त के पास पहुंच गए।
15 दिन तक नोएडा में रहे
दोनों चीनी नागरिक करीब 15 दिन तक नोएडा में रहे। कई जगहों पर घूमते रहे, लेकिन इसके बाद भी दोनों की खबर न तो पुलिस को लगी और न ही सुरक्षा एजेंसियों को। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि शनिवार को उन्होंने दोबारा एक कार रेंट पर ली और नेपाल बॉर्डर पहुंच गए। यहां से वे पैदल ही बॉर्डर पार करने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, एसएसबी ने दोनों को पकड़ लिया।
नोएडा पुलिस ने भी शुरू की जांच
मामला सामने आने के बाद बिहार पुलिस के साथ ही साथ नोएडा पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। चीनी नागरिक 15 दिन तक नोएडा में किस-किस से मिले और कहां ठहरे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया, संदिग्धों के पास से नेपाली पासपोर्ट, तीन एटीएम कार्ड, सिगरेट व अन्य सामान बरामद किया गया है।
वित्तीय जालसाजी का आरोप
पुलिस द्वारा उसके मोबाइल का कॉल डिटेल्स खंगालने के बाद कार चालक का नाम पता चला, जो संतोष ठाकुर है। पुलिस को चालक के पता ठिकाना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। SSB द्वारा थाना को दिए गए आवेदन में दोनों चीनी युवक पर वित्तीय जालसाजी में संलिप्तता का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजाने की प्रक्रिया की जा रही है।