डॉक्टरों की सेवानिवृत्त सीमा बढ़ाने का विरोध
मुंबई। राज्य सरकार द्वारा डॉक्टरों की सेवानिवृत्त उम्र 58 साल से बढ़ाकर 60 साल कर दिया गया है. इस निर्णय को मनपा में भी लागू करने का मामला उस समय फेल हो गया जब उसका विरोध मनपा की सत्ताधारी शिवसेना सहित विपक्षी नेताओ ने मिलकर किया। स्थाई समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव ने मनपा प्रशासन के प्रस्ताव को रोक कर डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा बढ़ाने पर रोक लगा दिया।
गौरतलब हो कि मनपा के स्वास्थ्य विभाग में 50 प्रतिशत जगह खाली पड़ी है. स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के सेवानिवृत्त होने की समय सीमा 58 साल से बढ़ाकर 60 किए जाने का प्रस्ताव मनपा प्रशासन ने तैयार किया। जिसका शिवसेना सहित सभी पार्टियों ने मिलकर विरोध किया। भाजपा नेता प्रभाकर शिंदे ने कहा कि मनपा में 50 प्रतिशत पद रिक्त होने की जानकारी खुद प्रशासन दे रहा है।
डॉक्टरों को पदोन्नति देकर उन्हें प्रोत्साहन देने के बदले वरिष्ठ डॉक्टरो को सेवानिवृत्त की समय सीमा बढ़ाकर अन्य डॉक्टरो के साथ अन्याय किया जा रहा है। शिवसेना नगरसेविका राजुल पटेल ने आरोप लगाया कि मनपा प्रशासन के पास 3 महीने तक सेवा देने की अनुमति देने का अधिकार नही होने के बावजूद मनपा प्रशासन की मनमानी चल रही है जिसे बर्दाश्त नही किया जाना चाहिए। स्थाई समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव ने भी कहा कि मनपा प्रशासन की मनमानी को बर्दाश्त नही किया जाएगा।