दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान की मंगलवार को पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-11 को दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ देर बाद पायलट ने अचानक पाकिस्तान की ओर से मोड़ दिया। इस विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराची एयरपोर्ट पर कराई गई। तकनीकि खराबी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया। जिस समय खराबी का पता चला उस वक्त विमान कराची एयरपोर्ट के पास था।
विमान के अचानक पाकिस्तान मोड़ने और कराची एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराए जाने की खबर सुनते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि सभी यात्रियों को कराची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारे जाने की खबर है।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि B737 विमान के इंडिकेटर लाइट में खराबी आ गई थी। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि, कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई और कराची एयरपोर्ट पर विमान की सामान्य लैंडिंग हुई। इसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों को नास्ता पानी दिया गया। विमान में खराबी की पहले से सूचना नहीं मिली थी। एक विमान कराची भेजा जा रहा है जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा.
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के मुताबिक एयरक्राफ्ट के फ्यूल टैंक से लीकेज की भी आशंका है। DGCA के अनुसार फ्लाइट के दौरान क्रू ने महसूस किया कि एयरक्राफ्ट के फ्यूल टैंक का लेवल अचानक कम हो रहा है।
दूसरे शब्दों में कहें तो कॉकपिट में लगे इंडिकेटर पर दिखा कि फ्यूल नॉर्मल से कहीं ज्यादा तेजी से कम हो रहा है। इसी वजह से पायलट को कराची में लैंडिंग करानी पड़ी। इसे इमरजेंसी के बजाय प्रिकॉशनरी लैंडिंग (सावधानी के तौर पर की जाने वाली लैंडिंग) कहा जाना ज्यादा सही होगा।
दो हफ्ते में स्पाइसजेट की किसी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग की ये चौथी घटना है। इससे पहले शनिवार (2 जुलाई) को दिल्ली से जबलपुर जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट नंबर SG-2962 की दिल्ली में लैंडिंग कराई गई थी। दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जब धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इस फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी। कुछ मिनट में ही एयरक्राफ्ट में धुआं भरने लगा।