मनपा प्रशासन को है मंत्री का इंतजार
मुंबई। बहुजन विकास आघाड़ी ने बहुप्रतीक्षित वसई-विरार मनपा की परिवहन सेवा शुरू कर दी है. मंत्रियों के पास समय की कमी के कारण उद्घाटन काफी दिनों से लटका हुआ था। वर्तमान में यह सेवा शहर में छह मार्गों पर उपलब्ध कराई गई है। परिवहन सेवा की अचानक शुरूआत के बावजूद मनपा प्रशासन मंत्रियों को लाने और औपचारिक उद्घाटन की तैयारी कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के कारण पिछले साल वसई-विरार नगर निगम की परिवहन सेवा बंद कर दी गई थी। हालांकि सरकार ने अनलॉक प्रक्रिया शुरू की, लेकिन ठेकेदार ने बसों को शुरू नहीं किया। जबकि मनपा प्रशासन ने बार-बार ठेकेदार को परिवहन सेवा शुरू करने का आदेश दिया। इसलिए मनपा ने ठेकेदार को हटाकर नया ठेकेदार नियुक्त किया। नए ठेकेदार मेसर्स एसएनएन को शहर में परिवहन सेवाएं शुरू करने के लिए अनुबंधित किया गया था।
ठेकेदार को कार्य आदेश देने के बाद मनपा के परिवहन बेड़े में नई बसें शामिल हो गईं। मनपा प्रशासन ने नई बस सेवा का उद्घाटन पालक मंत्री दादासाहेब भुसे और शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों करने का निर्णय लिया था। मंत्रियों के पास समय की कमी के कारण परिवहन सेवा का उद्घाटन लटका हुआ था। इसको देखते हुए बहुजन विकास आघाड़ी ने मनपा मुख्यालय के बाहर परिवहन सेवा की शुरुआत कर दी.
इस अवसर पर बविआ के प्रशांत राउत, हार्दिक राउत, यज्ञेश्वर पाटिल, चिरु चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों और नेता मौजूद थे। वर्तमान में 6 मार्गों पर परिवहन सेवा शुरू की गई है। इनमें वसई, नालसोपारा और विरार में दो-दो शामिल हैं। यह सेवा शहर में 43 मार्गों पर शुरू की जाएगी।